मैंगो में वर्कर्स कॉलेज के सामने युवक पर चाकू से हमला, एमजीएम अस्पताल में भर्ती

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर के मैंगो थाना क्षेत्र में सोमवार को एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान 22 वर्षीय राहुल तंतुबाय के रूप में हुई है, जो पंजाबी लाइन का निवासी है। घटना वर्कर्स कॉलेज के सामने हुई। आरोप है कि पंजाबी लाइन निवासी रोशन और 21 वर्षीय रवि गोराई ने राहुल पर हमला किया। बताया जा रहा है कि रोशन के हाथ में चाकू था, जिससे उसने राहुल पर वार कर दिया। हमले में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद राहुल के मित्र अमन सिंह ने उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय आरोपी युवक कथित रूप से डेंड्राइट के नशे में था और इसी दौरान विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना हुई। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना के कारणों तथा आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।