एमजीएम अस्पताल के मुख्य द्वार पर स्कॉर्पियो में महिला ने बच्ची को दिया जन्म, मां-बेटी सुरक्षित

Spread the love

जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड के सालुकडीह गांव निवासी दीपाली महतो ने सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे एमजीएम अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर खड़ी स्कॉर्पियो वाहन में ही एक बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल पहुंचते ही अचानक प्रसव होने से कुछ समय के लिए परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की जानकारी मिलते ही ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और एएनएम को बुलाकर प्रसूता की सहायता की। प्राथमिक उपचार के बाद मां और नवजात को सुरक्षित अस्पताल के लेबर रूम में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, मां और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं तथा चिकित्सकीय निगरानी में हैं।

परिजनों ने बताया कि प्रसव पीड़ा शुरू होने पर सबसे पहले दीपाली महतो को तिरुलडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। वहां प्राथमिक जांच के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर किया गया। परिजनों का आरोप है कि रेफरल के बावजूद 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। मजबूरी में लगभग ₹3,500 खर्च कर निजी स्कॉर्पियो वाहन से जमशेदपुर लाया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्रसव पीड़ा तेज हो गई और मुख्य गेट पर वाहन के अंदर ही बच्ची का जन्म हो गया।