जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सीआईएससीई जोनल स्विमिंग चैंपियनशिप का आगाज़, 17 स्कूलों के 100 से अधिक तैराक शामिल

Spread the love

जमशेदपुर: मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल (एमएनपीएस) के आयोजन में सोमवार से जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सीआईएससीई जोनल स्विमिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में 17 स्कूलों के 100 से अधिक छात्र-छात्राएं विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का शानदार माहौल देखने को मिला।

चैंपियनशिप का उद्घाटन विद्यालय के पूर्व छात्र एवं सफल उद्यमी सैयद अरशद ज़की ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी सशक्त मंच है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

विद्यालय की प्राचार्या संगीता सिंह ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और टीमवर्क को बढ़ावा देना है, जिससे खिलाड़ी भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हो सकें।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तैराकों का चयन अगले चरण के लिए किया जाएगा, जहां वे अपने जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे।