मैंगो में भूमि अभिलेखों पर नया विवाद, प्लॉट नंबर बदलने के आरोप पर जांच की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर के मैंगो क्षेत्र में भूमि अभिलेखों को लेकर नया विवाद सामने आया है। मौजा-30, वार्ड संख्या-10 के कई निवासियों ने भूमि सुधार उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया है कि अंचल कार्यालय ने उनके मकानों का प्लॉट नंबर बदल दिया है, जबकि इसके पीछे कोई वैधानिक आदेश उपलब्ध नहीं है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे वर्षों से मौजा-30, खाता संख्या-312 की भूमि पर निवास कर रहे हैं। उनके अनुसार पुराने नक्शे, बंदोबस्ती अभिलेख तथा वर्ष 2022 तक के अंचल कार्यालय के रिकॉर्ड में सामुदायिक भवन को छोड़कर सभी मकान प्लॉट संख्या-1552 में दर्ज थे। लेकिन वर्ष 2026 में अचानक रिकॉर्ड बदलकर सभी मकानों को प्लॉट संख्या-1553 में दर्ज कर दिया गया।

निवासियों ने अमीन की रिपोर्ट पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भूमि की वास्तविक स्थिति, सीमांकन और कब्जे में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसके बावजूद रिकॉर्ड में परिवर्तन किए जाने का आधार स्पष्ट नहीं किया गया है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि पुराने नक्शों, बंदोबस्ती अभिलेखों और वर्ष 2022 तक के रिकॉर्ड का मिलान कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही सभी प्रभावित परिवारों की मौजूदगी में भूमि का पुनः मापी कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। यदि जांच में कोई त्रुटि या अनियमितता सामने आती है तो सरकारी अभिलेखों में तत्काल संशोधन कर सही प्लॉट संख्या दर्ज करने की मांग की गई है।