जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार देर रात बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। रात 10 बजे के बाद पुलिस टीम ने क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, सड़क किनारे बने अड्डों और संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया।


अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह घूम रहे युवकों से पूछताछ की गई। संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जांच की गई तथा खुलेआम नशा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहन जांच अभियान भी चलाया गया, जिसमें वाहनों के दस्तावेज और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था से जुड़ी जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उनका कहना है कि आम जनता के सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
पुलिस के अनुसार, शहर में अपराध, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। देर रात सक्रिय असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की विशेष नजर है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।

