जमशेदपुर: जमशेदपुर के करनडीह फाटक के समीप वर्षों पुरानी जल निकासी व्यवस्था ठप होने से स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। नाली का रास्ता बंद होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। मामले को गंभीर मानते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद क्षेत्र संख्या-9 की सदस्य पूर्णिमा मलिक ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।


पूर्णिमा मलिक ने बताया कि करनडीह फाटक के पास बनी पुरानी नाली से आसपास के कई घरों और फ्लैटों का पानी वर्षों से निकलता था। लेकिन कुछ ग्रामीणों ने खेतों में पानी जाने की आशंका को लेकर नाली का मार्ग बंद कर दिया। इसके बाद पूरे इलाके का गंदा पानी सड़कों पर जमा होने लगा और लोगों को रोजाना इसी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जलजमाव से हजारों परिवार प्रभावित हैं। गंदे पानी के कारण दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। प्रभावित स्थल के पास मंदिर होने के कारण श्रद्धालुओं को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला परिषद सदस्य ने उपायुक्त से बंद नाली को तत्काल खुलवाने और स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

