जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय का चौथा दीक्षांत समारोह 7 अगस्त को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी के 1600 से अधिक विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्वर्ण एवं रजत पदक से भी सम्मानित किया जाएगा।


समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को आमंत्रित किया गया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने राजभवन, रांची पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की और उन्हें औपचारिक निमंत्रण सौंपा। इस दौरान विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शोध कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा हुई।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस वर्ष 34 विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। शैक्षणिक सत्र 2025 के 40 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक तथा 40 विद्यार्थियों को रजत पदक से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा 36 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी।
समारोह को सफल बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने विभिन्न समितियों का गठन किया है। अतिथि स्वागत, सुरक्षा व्यवस्था, मंच संचालन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, डिग्री वितरण एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

