खूंटी: युवक हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

Spread the love

खूंटी: जिले के खूंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत डहुगुटू गांव के सरना टांड़ की झाड़ियों से मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान तुरहू पाहन उर्फ सागर मुंडा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि उसकी पत्नी मुक्ता कुमारी ने अपने कथित प्रेमी जोटो तिर्की उर्फ सेले के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। घटना को अंजाम देने के बाद शव को पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सरना टांड़ की झाड़ियों में फेंक दिया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर सफलता मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की डॉली, एक चटाई, घटना के समय पहने गए कपड़े और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन सभी सामानों को पुलिस अदालत में साक्ष्य के रूप में पेश करेगी।

खूंटी पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े सभी कानूनी और तकनीकी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। बरामद साक्ष्यों को केस डायरी में शामिल कर आगे की कार्रवाई पूरी की जा रही है।