जामताड़ा: श्रावणी मेला-2026 को लेकर रेलवे का तोहफा, तीन जोड़ी स्पेशल मेमू ट्रेनें चलेंगी, जामताड़ा स्टेशन को मिलेगा लाभ

Spread the love

जामताड़ा: श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने तीन जोड़ी (छह) 12 कोच वाली मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। ये विशेष ट्रेनें 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन चलेंगी। इससे जसीडीह, आसनसोल, मोहनपुर और दुमका के बीच यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी। इन ट्रेनों का ठहराव जामताड़ा स्टेशन पर भी होगा, जिससे जिले के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 03549 मोहनपुर-जसीडीह मेमू पैसेंजर स्पेशल प्रतिदिन सुबह 7:25 बजे मोहनपुर से रवाना होकर 7:55 बजे जसीडीह पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन संख्या 03552 जसीडीह-आसनसोल मेमू पैसेंजर स्पेशल सुबह 8:10 बजे जसीडीह से चलकर 11 बजे आसनसोल पहुंचेगी। यह ट्रेन जामताड़ा सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 03551 आसनसोल-जसीडीह मेमू स्पेशल दोपहर 2:40 बजे आसनसोल से रवाना होकर शाम 5:15 बजे जसीडीह पहुंचेगी।

इसके अलावा जसीडीह-दुमका और दुमका-मोहनपुर मार्ग पर भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। रेलवे ने बताया कि सभी छह ट्रेनें 12 कोच वाली मेमू रेक के साथ चलेंगी और निर्धारित अवधि में कुल 32-32 फेरे लगाएंगी।

रेलवे का उद्देश्य श्रावणी मेले के दौरान बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।