कोडरमा: गांव के तालाब में डूबने से 10 वर्षीय आरव राज की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Spread the love

कोडरमा: जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्रघाटी गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के तालाब में डूबने से 10 वर्षीय आरव राज की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है, वहीं मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मुकेश यादव के पुत्र आरव राज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरव मंगलवार को सामान्य रूप से घूमने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान वह टहलते हुए गांव के तालाब के पास पहुंच गया। अचानक उसका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे गहरे पानी में जा गिरा।

काफी देर तक आरव के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। आशंका होने पर ग्रामीणों ने तालाब के आसपास तलाश शुरू की और पानी में उतरकर बच्चे को बाहर निकाला। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और आरव की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे जलस्रोतों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।