गम्हरिया: होटल संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, कमर में गोली लगने से घायल

Spread the love

गम्हरिया: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात अपराधियों ने एक होटल संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में सनसनी फैला दी। घटना गम्हरिया रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रेलवे अंडरपास के पास की है, जहां गोराई होटल के संचालक विशाल गोराई को घर लौटने के दौरान अज्ञात बदमाशों ने निशाना बनाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 8 से 10 बदमाशों ने विशाल गोराई पर कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली उनकी कमर में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल विशाल गोराई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।