जमशेदपुर: SSP का टेल्को थाना में औचक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

जमशेदपुर: शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार देर रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने टेल्को थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, रात्रि गश्त और विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान SSP ने पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

SSP ने रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि रात में तैनात टैंगो मोबाइल, पीसीआर और थाना गश्ती दल पूरी सतर्कता के साथ क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग करें, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।

उन्होंने थाना क्षेत्र के उन स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया, जहां असामाजिक तत्वों के जमावड़े या संदिग्ध गतिविधियों की संभावना रहती है। ऐसे क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखकर समय पर कार्रवाई करने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान नशा, जुआ और लॉटरी के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान तेज करने का भी निर्देश दिया गया। SSP ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से नियमित निरीक्षण, निगरानी और विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।