रांची/हजारीबाग: रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को निशाना बनाकर कॉपर केबल चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (CIB) ने संयुक्त अभियान में भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान गिरोह से जुड़े पांच आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ी कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क झारखंड और बिहार के कई जिलों तक फैला हुआ था।


पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई की रात हजारीबाग टाउन के इंटरमीडिएट ब्लॉक हट क्षेत्र में रेलवे कॉपर केबल काटे जाने की सूचना मिलने पर RPF और CIB की टीम ने संयुक्त छापेमारी की। मौके से चार आरोपियों को रेलवे की कॉपर केबल काटते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। उनके पास से चोरी में प्रयुक्त औजार और कटी हुई कॉपर केबल भी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी की गई कॉपर केबल गया जिले के वजीरगंज निवासी कबाड़ी अजय कुमार केसरा को बेची जाती थी। इसके आधार पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में जली हुई कॉपर स्ट्रिप्स बरामद की गई। इसके बाद एक अन्य कबाड़ी राजू कुमार के गोदाम से 12 किलोग्राम कॉपर केबल बरामद हुई। जांच में पटना के अगमकुआं निवासी एक खरीदार का नाम भी सामने आया है।
गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फरवरी से जून के बीच रेलवे कॉपर केबल चोरी की छह घटनाओं को अंजाम दे चुके थे। सातवीं वारदात के दौरान वे सुरक्षा एजेंसियों के हत्थे चढ़ गए। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

