गिरिडीह: राज्य स्तरीय द्वितीय लिटिल चैंप्स फुटबॉल टूर्नामेंट 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करने वाले गिरिडीह के खिलाड़ियों को उपायुक्त रामनिवास यादव ने सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और उचित मार्गदर्शन तथा बेहतर प्रशिक्षण मिलने पर ये खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।


23 से 25 जुलाई 2026 तक रांची में आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड के सभी 24 जिलों की अंडर-12 बालक एवं बालिका टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में गिरिडीह के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया।
गांडेय प्रखंड के महेशमुंडा स्थित सेंट जॉन ब्रिटो मिडिल स्कूल की बालक टीम ने फाइनल मुकाबले में बगोदर के निस्फिदा मिडिल स्कूल को 1-0 से हराकर राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, निस्फिदा मिडिल स्कूल, बगोदर की बालिका टीम उपविजेता रही।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में बालक वर्ग के संजय हेम्ब्रम को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और नीतीश मरांडी को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। बालिका वर्ग में अनु कुमारी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उप विकास आयुक्त स्मिता कुमारी ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। कार्यक्रम में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

