पलामू: आम लोगों को परिवहन विभाग की सेवाएं घर के नजदीक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पलामू जिले के पंडवा प्रखंड में बुधवार को पंचायत स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। परिवहन विभाग के निर्देश पर पत्रा पंचायत क्लस्टर में आयोजित इस शिविर में पत्रा, छेछौरी, मझिगांव और मुरमा पंचायत के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


शिविर में परिवहन विभाग की टीम सभी आवश्यक तकनीकी उपकरणों के साथ पहुंची, जिससे लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ा। इससे ग्रामीणों के समय, धन और श्रम की बचत हुई।
प्रेस विज्ञप्ति तैयार होने तक लर्निंग लाइसेंस के लिए कुल 106 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 62 पात्र आवेदकों को मौके पर ही लर्निंग लाइसेंस जारी कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों पर विभागीय प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिविर के दौरान मोटर वाहन निरीक्षक एवं सड़क सुरक्षा प्रबंधक ने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस केवल वाहन चलाने की अनुमति नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतें चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं को कम करने के लिए यातायात नियमों का पालन और आम नागरिकों में जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि दूरदराज के ग्रामीणों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे शिविर आगे भी पंचायत स्तर पर आयोजित किए जाते रहेंगे।

