गोड्डा: झारखंड सरकार ने गोड्डा स्थित राजकीय होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। कॉलेज में छह नए व्याख्याताओं (लेक्चरर) की नियुक्ति की गई है। इससे विद्यार्थियों को नियमित कक्षाएं, बेहतर शैक्षणिक माहौल और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।


स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इससे पहले कॉलेज में चार व्याख्याता कार्यरत थे। नई नियुक्तियों के बाद अब संस्थान में कुल 10 शिक्षकों की तैनाती हो गई है। सरकार का मानना है कि लंबे समय से चली आ रही शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर होगी और शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकारी मेडिकल एवं होम्योपैथिक संस्थानों को सुदृढ़ बनाना सरकार की प्राथमिकता है और गोड्डा के इस संस्थान को सभी आवश्यक संसाधनों के साथ विकसित किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वह जल्द ही कॉलेज का दौरा करेंगे। इस दौरान भवन, संसाधनों और अन्य आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधारों के लिए निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कॉलेज और अस्पताल का संचालन सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाए तथा छात्रों और शिक्षकों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं प्रशिक्षण की सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

