जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) कैंप में तैनात जवान पिंटू कुमार की ब्रेन मलेरिया (फैल्सीपेरम मलेरिया) से बुधवार को मौत हो गई। उन्होंने इलाज के दौरान जमशेदपुर के महात्मा गांधी मेमोरियल (MGM) अस्पताल में अंतिम सांस ली। जवान के निधन की खबर मिलते ही सीआरपीएफ कैंप और उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।


जानकारी के अनुसार, पिंटू कुमार की तबीयत अचानक तेज बुखार और अत्यधिक कमजोरी के कारण बिगड़ गई थी। उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्रारंभिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। पैथोलॉजी जांच में उन्हें फैल्सीपेरम मलेरिया (ब्रेन मलेरिया) से संक्रमित पाया गया। संक्रमण गंभीर होने के कारण उनकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही।
एमजीएम अस्पताल के चिकित्सकों की विशेष टीम ने उन्हें बचाने के लिए लगातार उपचार किया, लेकिन संक्रमण मस्तिष्क तक फैल जाने के कारण उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और बुधवार को उनका निधन हो गया।
इस घटना के बाद जिला स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, फैल्सीपेरम मलेरिया मलेरिया का सबसे खतरनाक प्रकार है और समय पर उपचार नहीं मिलने पर यह जानलेवा साबित हो सकता है। इसके मद्देनज़र मुसाबनी स्थित सीआरपीएफ कैंप और आसपास के क्षेत्रों में मलेरिया की रोकथाम, निगरानी और जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है।

