पलामू: JMD कॉम्प्लेक्स गार्ड हत्याकांड का खुलासा, SIT ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

Spread the love

पलामू: पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र स्थित जेएमडी (JMD) कॉम्प्लेक्स के गार्ड विनोद पांडेय की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विशेष जांच दल (SIT) ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में हत्या के पीछे की रंजिश और पूरी साजिश का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, इस घटना की शुरुआत 16 जुलाई को जेएमडी कॉम्प्लेक्स में आयोजित एक जन्मदिन समारोह के दौरान हुए विवाद से हुई थी। समारोह के दौरान कुछ युवकों की होटल प्रबंधक से तीखी कहासुनी हुई थी। इसी विवाद का बदला लेने की नीयत से आरोपियों ने साजिश रची और 26 जुलाई की रात ड्यूटी पर तैनात गार्ड विनोद पांडेय को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा छेचनी टोला में छापेमारी कर अभियान सिंह उर्फ उड्डी, गोल्डन यादव और चंदन कुमार उर्फ चंदन कमलापुरी को गिरफ्तार किया। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा, 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस और एक काले रंग की टीवीएस जुपिटर स्कूटर बरामद की गई है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चंदन कुमार उर्फ चंदन कमलापुरी के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट समेत अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका और पूरे षड्यंत्र की जांच में जुटी हुई है।