जामताड़ा: जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर लोगों को धमकाने और अवैध वसूली करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से हथियार, जिंदा कारतूस, फर्जी पुलिस पहचान पत्र समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।


एसडीपीओ वसीम रजा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि मिहिजाम थाना क्षेत्र के कमगोई इलाके में पुलिस की वर्दी पहनकर एक युवक लोगों को धमका रहा है। आरोप है कि वह फर्जी पुलिसकर्मी बनकर अवैध वसूली करता था और युवतियों को भी झांसे में लेने का प्रयास करता था। सूचना के आधार पर मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, उसके पास से एक देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, चाकू, वॉकी-टॉकी, JAP-05 का फर्जी पुलिस पहचान पत्र तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर किन-किन लोगों को निशाना बनाया और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं।

