जमशेदपुर: जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से बुधवार को एसएसपी ने नगर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण पुलिस अधीक्षक तथा सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (डीएसपी) के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।


बैठक के दौरान एसएसपी ने सभी अधिकारियों को आदतन अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों पर सीसीए (Crime Control Act), निगरानी, सर्विलांस और PIT-NDPS जैसी कानूनी धाराओं एवं प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
समीक्षा बैठक में आर्म्स एक्ट, फायरिंग, छिनतई और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। एसएसपी ने इन मामलों में फरार और वांछित आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया।
एसएसपी ने अधिकारियों से कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए नियमित गश्त, खुफिया सूचना तंत्र को मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिले में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

