जमशेदपुर: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से जमशेदपुर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत ‘समरसता दीपोत्सव’ का आयोजन किया गया। शहर की चार विधानसभा क्षेत्रों के 28 मंडलों के विभिन्न मंदिरों में दीप प्रज्वलित कर सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।


गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने विभिन्न मंदिरों में दीप जलाकर संत गुरु रविदास महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू ने बिरसानगर जोन नंबर-8 स्थित रविदास कॉलोनी के हरि मंदिर में पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्ज्वलित किया। वहीं भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने सोनारी क्षेत्र के मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मंदिरों में संतों, पुजारियों और गुरुओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर पूर्णिमा साहू ने कहा कि संत गुरु रविदास ने समाज को समानता, आत्मसम्मान, सेवा और मानवता का संदेश दिया तथा जाति और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया। संजीव सिन्हा ने कहा कि ‘समरसता संकल्प अभियान’ का उद्देश्य गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाकर सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है।

