जमशेदपुर: बागबेड़ा में संदिग्ध हालात में युवक घायल, दोनों पक्षों के आरोपों के बीच पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कॉलोनी रोड नंबर-3 स्थित एक मकान में बुधवार को एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घायल अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए जाने से मामला उलझ गया है। पुलिस सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कर रही है।

घायल युवक आशीष कुमार का आरोप है कि पिछले डेढ़ वर्ष से उसका बागबेड़ा की एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। उसके अनुसार, युवती के बुलाने पर वह उसके घर गया था, जहां परिजनों ने उसे कमरे में बंद कर मारपीट की। आशीष का यह भी आरोप है कि उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया, जिसमें डिजिटल लेन-देन, आपसी बातचीत और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड मौजूद थे।

वहीं, युवती के पिता ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि युवक बिना अनुमति उनकी बेटी के कमरे में घुस गया और अनुचित व्यवहार करने का प्रयास किया, जिसके बाद विवाद हुआ।

पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।