गिरिडीह: मुंबई में करीब 2.65 करोड़ रुपये की चोरी के मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस ने झारखंड के गिरिडीह जिले में बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई पुलिस ने गावां थाना क्षेत्र के दो गांवों में छापेमारी कर सोने के आभूषण, अन्य सामान और चोरी के पैसों से खरीदी गई एक महिंद्रा थार एसयूवी जब्त की है।


पुलिस के अनुसार, गावां थाना क्षेत्र के पंडरिया निवासी अमित यादव और सांख गांव निवासी सतीश कुमार मुंबई के वर्ली थाना क्षेत्र में महाराष्ट्र विधानसभा के उपसभापति संजय आहिर के घर घरेलू कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।
जांच में आरोप है कि दोनों ने नौकरी के दौरान धीरे-धीरे सोने के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी की। लगातार सामान गायब होने के बाद वर्ली पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें करीब 2.65 करोड़ रुपये की चोरी का मामला सामने आया।
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर वर्ली थाना और सीआईडी की टीम गिरिडीह पहुंची। गावां थाना पुलिस की सहायता से दोनों आरोपियों के घरों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 4 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के पैसों से खरीदी गई महिंद्रा थार एसयूवी को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
गावां थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने मुंबई पुलिस की कार्रवाई में पूरा सहयोग किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद सामान और जब्त वाहन मुंबई पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
फिलहाल मुंबई पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी की रकम का कहीं और निवेश किया गया था या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

