झारखंड विधानसभा मानसून सत्र को लेकर पूरे राज्य में हाई अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

Spread the love

रांची: आगामी झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SP) को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश जारी किए हैं।

मुख्यालय के निर्देशानुसार संवेदनशील क्षेत्रों, सरकारी कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंड, प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गश्त बढ़ाई जाएगी। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी, सघन वाहन जांच अभियान और रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय ने असामाजिक तत्वों और संगठित अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था (क्विक रिस्पॉन्स सिस्टम) सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

विधानसभा परिसर की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए 6 अगस्त से 12 अगस्त 2026 (9 अगस्त को छोड़कर) तक प्रतिदिन एक आईजी और एक डीआईजी स्तर के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

तैनाती इस प्रकार रहेगी:

  • 6 अगस्त: आईजी अभय विक्रांत मिंज एवं डीआईजी मनोज रतन चौधरी
  • 7 अगस्त: आईजी अभिषेक कुमार सिन्हा एवं डीआईजी संध्या रानी मेहता
  • 10 अगस्त: आईजी अजय लिंडा एवं डीआईजी सुनील भास्कर
  • 11 अगस्त: आईजी कार्तिक एस. एवं डीआईजी संजीव कुमार
  • 12 अगस्त: आईजी नौशाद आलम एवं डीआईजी इंद्रजीत महथा

पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि विधानसभा सत्र के दौरान किसी भी महत्वपूर्ण घटना या कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दी जाए, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।