सरायकेला में अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बिना चालान गिट्टी लदा हाईवा जब्त

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में बुधवार शाम नीमडीह थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर में अंचल अधिकारी (सीओ) अभय कुमार द्विवेदी ने गिट्टी लदे एक हाईवा को जब्त कर नीमडीह थाना के सुपुर्द कर दिया।

विशेष जांच अभियान के दौरान अंचल अधिकारी खनिज लदे वाहनों के परिवहन चालान और उनमें लोड सामग्री की मात्रा का सत्यापन कर रहे थे। इसी दौरान नीमडीह मोड़ के पास हाईवा (नंबर JH05AF 0272) को रोककर दस्तावेजों की जांच की गई।

जांच के दौरान चालक परिवहन से संबंधित वैध चालान प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से नीमडीह थाना परिसर में खड़ा करा दिया।

मामले में अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने खनन अधिनियम एवं अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन, अवैध भंडारण और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जिले में किसी भी प्रकार के अवैध खनन कारोबार को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।