चतरा में अवैध खनन पर सख्ती, डीसी ने संयुक्त छापेमारी और कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश

Spread the love

चतरा: चतरा जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज करने का निर्णय लिया है। उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में कार्रवाई की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी मनोज टोप्पो ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई तक अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान के दौरान 17 वाहन जब्त, 13 प्राथमिकी दर्ज की गईं तथा 68 वाहनों से 23.24 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। उपायुक्त ने कार्रवाई की गति को अपेक्षाकृत धीमा बताते हुए सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को नियमित संयुक्त छापेमारी चलाने और नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के निर्देशानुसार 10 जून से 15 अक्टूबर 2026 तक श्रेणी-1 बालू घाटों पर खनन और परिवहन पर प्रतिबंध लागू है। इसके बावजूद अवैध बालू खनन की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने, नदी घाटों की निगरानी बढ़ाने तथा अवैध कोयला खदानों पर भी लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही कोयला परिवहन वाहनों के VTD पंजीकरण और प्रदूषण मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।