आदित्यपुर में टैंकर और कार की टक्कर, आधे घंटे तक यातायात बाधित

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित फुटबॉल मैदान के समीप गुरुवार को एक टैंकर और कार के बीच हुई टक्कर से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टैंकर (संख्या JH05EK9955) आदित्यपुर से जमशेदपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही कार (संख्या JH05EB2715) ने टैंकर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के दाहिने हिस्से का निचला भाग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सड़क के बीचों-बीच दोनों वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।

सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को थाना ले जाकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसा कार चालक की लापरवाही के कारण हुआ प्रतीत होता है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।