रामगढ़ में मतदाता सूची का 100% सत्यापन पूरा, 1.34 लाख से अधिक फॉर्म अप्रमाणित श्रेणी में

Spread the love

रामगढ़: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रामगढ़ जिला प्रशासन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। जिला प्रशासन के अनुसार जिले के बरकागांव और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के सभी 7,55,455 पंजीकृत मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाए गए और उनका संग्रह, डिजिटाइजेशन तथा सत्यापन कार्य 100 प्रतिशत पूरा किया गया।

उपायुक्त ऋतुराज ने बताया कि कुल 6,21,238 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया गया, जबकि 1,34,217 प्रपत्र विभिन्न कारणों से अप्रमाणित श्रेणी में रखे गए। सत्यापन के दौरान 55,014 मतदाता स्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थानांतरित, 46,198 अनुपस्थित, 19,800 मृत, 12,437 अन्य स्थान पर पंजीकृत तथा 768 अन्य श्रेणी में पाए गए।

बरकागांव विधानसभा क्षेत्र में 75,167 और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 59,050 प्रपत्र अप्रमाणित श्रेणी में शामिल किए गए। जिला प्रशासन का कहना है कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। अधिकारियों के अनुसार घर-घर सत्यापन और डिजिटाइजेशन से फर्जी, दोहरे तथा मृत मतदाताओं के नाम हटाने में मदद मिलेगी, जिससे अंतिम मतदाता सूची अधिक विश्वसनीय और सटीक तैयार की जा सकेगी।