जमशेदपुर: शहर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक छात्र से मोबाइल फोन झपट लिया। घटना बैरबासा क्षेत्र की है, जहां ट्यूशन पढ़कर साइकिल से घर लौट रहे छात्र को बाइक सवार दो युवकों ने निशाना बनाया।


जानकारी के अनुसार, छात्र ट्यूशन समाप्त होने के बाद अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक उसका पीछा करने लगे। छात्र कुछ समझ पाता, इससे पहले बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने उसके हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया। घटना के बाद छात्र ने शोर मचाया, लेकिन दोनों आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर छात्र के परिजनों ने सीतारामडेरा थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

