भव्य और गरिमामय होगा जमशेदपुर का स्वतंत्रता दिवस समारोह, 15 अगस्त को गोपाल मैदान में मुख्य कार्यक्रम

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, सुरक्षित और अनुशासित ढंग से आयोजित करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब की संयुक्त अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रीय पर्व के सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त सुबह 9:05 बजे बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में मुख्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम की निगरानी के लिए उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान के नेतृत्व में विशेष आयोजन समिति गठित की गई है।

14 अगस्त को सिद्धगोड़ा टाउन हॉल में देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी, जबकि 15 अगस्त को जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जिला प्रशासन और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच मैत्री फुटबॉल मैच खेला जाएगा।

प्रशासन ने 14 अगस्त को स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों को सम्मानित करने, शहीदों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कराने तथा 15 अगस्त की सुबह स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

परेड अभ्यास 10 अगस्त से शुरू होगा और 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी। परेड में CRPF, RAF, DAP, होमगार्ड, NCC तथा स्काउट्स एंड गाइड्स की टुकड़ियां शामिल होंगी। सुरक्षा, ट्रैफिक, स्वास्थ्य सेवाओं और अग्निशमन की विशेष व्यवस्था की जाएगी। साथ ही 15 अगस्त को पूरे जिले में ड्राई डे घोषित करते हुए शराब बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा।