जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने भुइयांडीह के इंद्रानगर और कल्याण नगर के 145 परिवारों को जारी नोटिस के मामले में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) में हुई हालिया सुनवाई और प्रभावित परिवारों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।


विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया कि बुधवार को इस मामले की सुनवाई एनजीटी में हुई थी, लेकिन अब तक आदेश सार्वजनिक पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया है। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि एनजीटी का आदेश उपलब्ध होने तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जाए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन भी एनजीटी के आदेश का इंतजार कर रहा है। आदेश सार्वजनिक होने के बाद उसका अध्ययन किया जाएगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। यदि एनजीटी के आदेश से प्रभावित परिवारों को राहत नहीं मिलती है, तो हाईकोर्ट सहित अन्य कानूनी विकल्पों पर भी विचार किया जाएगा।
पूर्णिमा साहू ने कहा कि इन 145 परिवारों का वर्षों से इस क्षेत्र से जीवन और आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए सभी वैधानिक और कानूनी विकल्पों का उपयोग किया जाएगा।

