जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में बंडामुंडा केबिन के पास इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक लाइन ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते टाटानगर होकर चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह दी है।


रेलवे के अनुसार 25 और 26 सितंबर को बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस दोनों दिशाओं में रद्द रहेगी। वहीं 1 अक्टूबर को दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस का परिचालन भी दोनों दिशाओं से रद्द रहेगा। 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को पुरी-ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस टाटानगर नहीं आएगी और इसे कटक-संबलपुर मार्ग से चलाया जाएगा।
रेलवे ने बताया कि हावड़ा और बालेश्वर सेक्शन में भी कार्य के कारण कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित होगा। कुछ ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग और परिचालन दूरी में बदलाव किया गया है। ओडिशा में तीसरी रेल लाइन के निर्माण के कारण आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस के मार्ग में भी बदलाव किया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

