जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को समाहरणालय सभागार में नौ सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में वर्षों तक उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले शिक्षकों को शॉल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए स्वस्थ, सुखद और सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दीं।


सम्मानित शिक्षकों में रामशंकर सिंह, सुतीर्थ कुमार राणा, फूलमनी हेंब्रम, रामनारायण सिंह, रीता कुमारी पाल, नीलम कुमारी, एमलेन टोपनो, पंकज कुमार सीट और अरुण कुमार झा शामिल रहे।
जिलाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि शिक्षक समाज की सबसे मजबूत नींव होते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया है, लेकिन शिक्षक का ज्ञान, अनुभव और समाज के प्रति योगदान जीवनभर बना रहता है। वहीं धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाते, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिकता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे संस्कार भी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और शिक्षा विभाग व जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक जुही रानी सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

