जमशेदपुर: पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को दुमुहानी संगम में “भविष्य के नाम एक पौधा” अभियान के तहत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) सबा आलम तथा मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों और शहर के कई गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बन्ना गुप्ता ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण संतुलन ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और बेहतर जीवन का आधार हैं। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने की अपील की।
डीएफओ सबा आलम ने कहा कि हरित झारखंड का लक्ष्य जनभागीदारी से ही पूरा होगा। वहीं मेयर सुधा गुप्ता ने नागरिकों से अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण करने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और अभियान को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।

