जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल, डिमना परिसर में शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला अध्यक्ष गुंजन यादव अपने समर्थकों के साथ अस्पताल पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ता मनीष शर्मा तथा उनके बहनोई के साथ कथित मारपीट के विरोध में धरने पर बैठ गए।


गुंजन यादव ने आरोप लगाया कि इलाज से संबंधित शिकायत को लेकर हुए विवाद के बाद अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवानों ने मनीष शर्मा और उनके बहनोई के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सूचना मिलने पर जब वह अस्पताल पहुंचे तो मौजूद जवानों ने उनसे आने का कारण पूछा और विवाद बढ़ने पर 8 से 10 जवानों ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की। उनका दावा है कि मौके पर मौजूद कई जवानों ने नेम प्लेट भी नहीं लगा रखी थी।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल, डीएसपी दयानंद कुमार और एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से टूटी हुई लाठी जब्त की है तथा घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

