बर्मामाइंस पुलिस का नशा मुक्ति अभियान, लोगों को किया जागरूक, अवैध कारोबारियों पर सख्ती की चेतावनी

Spread the love

जमशेदपुर: नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से शनिवार को बर्मामाइंस थाना पुलिस ने क्षेत्र में जनजागरूकता अभियान चलाया। थाना प्रभारी कुमार सारयू आनंद के नेतृत्व में धोबी घाट मुस्लिम बस्ती और आश्रम क्षेत्र में पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

थाना प्रभारी ने लोगों से अपील की कि वे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि समाज को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने में आम जनता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

अभियान के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पुलिस की पहल का समर्थन किया। लोगों ने कहा कि नशाखोरी समाज के लिए गंभीर समस्या है और इसे रोकने के लिए पुलिस एवं आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्र को नशामुक्त बनाने में हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

थाना प्रभारी कुमार सारयू आनंद ने कहा कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के अंत में उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया और पुलिस की इस पहल की सराहना की।