जमशेदपुर: शहर में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने आम लोगों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटों के भीतर उलीडीह, सोनारी और साकची थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग महिलाओं से सोने की चेन छीनने की घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हो रही वारदातों के बाद शहर में किसी संगठित स्नैचिंग गिरोह के सक्रिय होने की आशंका जताई जा रही है।


ताजा मामला उलीडीह ओपी क्षेत्र के सांकोसाई रोड नंबर-1 का है। शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली आशा रानी षाड़ंगी से पैदल आए बदमाश ने करीब तीन लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला के शोर मचाने से पहले ही आरोपी भाग निकला।
सूचना मिलने पर उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
इससे पहले शुक्रवार को सोनारी और साकची थाना क्षेत्रों में भी महिलाओं से चेन स्नैचिंग की घटनाएं हुई थीं। पुलिस अब तीनों मामलों के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है। साथ ही नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है।

