जमशेदपुर: नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। 4 अगस्त को एलबीएसएम कॉलेज में मेगा अप्रेंटिसशिप एवं जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा। इस जॉब फेयर का आयोजन क्वास कॉर्प लिमिटेड, ए-डिजिटल इंडिया और कॉलेज के प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में होगा। इसमें टाटा मोटर्स, एमआरएफ लिमिटेड और भूट ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं का चयन करेंगी।


इस जॉब फेयर में मैट्रिक, इंटर (12वीं), आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक उत्तीर्ण 18 से 28 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को प्रशिक्षण, स्टाइपेंड और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा (रिज्यूमे), सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की मूल एवं छायाप्रति तथा आधार कार्ड लाना अनिवार्य होगा। झारखंड के बाहर चयनित उम्मीदवारों की सरकारी नियमों के अनुसार आवश्यक प्रक्रिया भी पूरी कराई जाएगी।
टाटा मोटर्स अपने जमशेदपुर और साणंद प्लांट के लिए 12वीं एवं आईटीआई पास युवाओं का चयन करेगी। चयनित अभ्यर्थियों को 17,149 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड के साथ परिवहन, भोजन, यूनिफॉर्म, मेडिकल और वार्षिक बोनस जैसी सुविधाएं मिलेंगी। वहीं एमआरएफ लिमिटेड गुजरात प्लांट के लिए 18,000 से 21,000 रुपये मासिक स्टाइपेंड के साथ प्रशिक्षण और अन्य सुविधाएं देगी। भूट ट्रांसमिशन प्राइवेट लिमिटेड भी ट्रेनी और ऑपरेटर पदों पर भर्ती करेगी।

