जमशेदपुर में युवा आजसू सम्मेलन की तैयारियां तेज, सफल आयोजन के लिए जंबो समिति गठित

Spread the love

जमशेदपुर: आगामी युवा आजसू सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रविवार को शहर के निर्मल गेस्ट हाउस में आजसू पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई और इसके सफल आयोजन के लिए एक जंबो तैयारी समिति का गठन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने की। उन्होंने सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए समिति के सदस्यों के बीच विभिन्न जिम्मेदारियों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि युवा सम्मेलन संगठन को मजबूत करने और युवाओं को जनसरोकारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी।

आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र साहिस ने कहा कि सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रत्येक प्रखंड में युवा संवाद अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कोल्हान क्षेत्र में 5,000 युवा नेताओं को तैयार करने और युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करने का लक्ष्य रखा। वहीं केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने कहा कि यह सम्मेलन युवाओं में संगठन के प्रति नई ऊर्जा और विश्वास का संचार करेगा।

बैठक में पूरे शहर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने, सम्मेलन स्थल और शहर को आकर्षक ढंग से सजाने तथा अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही संगठन विस्तार और युवाओं की सक्रिय भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और संगठन से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।