जमशेदपुर एफसी बंद करने के फैसले पर पुनर्विचार की मांग, भाजपा नेता दिनेश कुमार ने टाटा स्टील से की अपील

Spread the love

जमशेदपुर: भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (JFC) के बंद होने की खबर पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए टाटा स्टील से अपने निर्णय पर पुनर्विचार करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक फुटबॉल क्लब का मामला नहीं, बल्कि जमशेदपुर की खेल संस्कृति, पहचान और हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है।

दिनेश कुमार ने कहा कि टाटा स्टील ने उद्योग के साथ-साथ खेलों के विकास में भी देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। कंपनी ने वर्षों तक खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराया और खेल प्रतिभाओं को निखारने का काम किया। ऐसे में जमशेदपुर एफसी को बंद करने का निर्णय खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि क्लब ने कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया और राष्ट्रीय स्तर पर जमशेदपुर को फुटबॉल की मजबूत पहचान दिलाई।

उन्होंने कहा कि यदि क्लब के संचालन में कोई प्रशासनिक या व्यावहारिक कठिनाई है तो उसका समाधान आपसी संवाद और सकारात्मक पहल से निकाला जाना चाहिए। क्लब को बंद करना किसी भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सकता।

दिनेश कुमार ने टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक से खेल विरासत, युवाओं की आकांक्षाओं और लाखों फुटबॉल प्रेमियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए निर्णय पर पुनर्विचार करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि कंपनी संवेदनशीलता के साथ इस विषय पर विचार कर खिलाड़ियों, खेल और शहर के हित में सकारात्मक फैसला लेगी।