जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रविवार को भाटिया बस्ती का दौरा कर अशोक पथ, मंदिर पथ एवं आसपास के कई इलाकों का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने बिजली, जल निकासी, जर्जर नालियों, खराब सड़कों तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। लोगों ने बताया कि इन समस्याओं के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरयू राय ने कहा कि भाटिया बस्ती घनी आबादी वाला बड़ा क्षेत्र है, इसलिए इसके समग्र विकास के लिए इसे एक अलग इकाई के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या जल निकासी और बिजली व्यवस्था की है, जिनके समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी।
विधायक ने राज्य सरकार पर विकास कार्यों के लिए विभागों को पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं कराने का आरोप भी लगाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो-तीन दिनों में विभागों को राशि मिलने के बाद रुकी हुई विकास योजनाओं में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर नगर निगम और टाटा स्टील के जुस्को विभाग के सहयोग से क्षेत्र में बेहतर सड़कें, बड़ी नालियों का निर्माण, बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा खुले बिजली तारों की जगह अंडरग्राउंड केबलिंग जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

