अंबागान मैदान को नेताजी स्मारक व पर्यटन केंद्र बनाने की मांग, सरयू राय ने टाटा स्टील और जिला प्रशासन को लिखा पत्र

Spread the love

जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शहर के अंबागान मैदान का तत्काल सौंदर्यीकरण कर उसे नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कॉरपोरेट सर्विसेज (VPCS) और पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।

सरयू राय ने कहा कि अंबागान मैदान शहर के प्रमुख स्थलों में से एक है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से 2019 के दौरान मंत्री रहते हुए उन्होंने अंबागान का नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक मैदान रखने का प्रस्ताव दिया था। इस विषय पर नागरिकों के साथ बैठक भी हुई थी और योजना को मंजूरी मिलने के बाद तत्कालीन जुस्को ने विकास कार्य शुरू किया था, लेकिन वर्ष 2019 के बाद यह कार्य अधूरा रह गया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में मैदान की स्थिति चिंताजनक है। यहां कबाड़ जमा हो रहा है और अवैध पार्किंग की समस्या बढ़ रही है। नेताजी की प्रतिमा के आसपास भी गंदगी और कबाड़ फैला हुआ है, जो उनकी गरिमा के अनुरूप नहीं है।

सरयू राय ने सुझाव दिया कि आधुनिक ऑडियो-विजुअल माध्यम के जरिए नेताजी के स्वतंत्रता संग्राम, जीवन संघर्ष और रहस्यमयी गुमशुदगी से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रदर्शित किया जाए। उनका कहना है कि योजनाबद्ध तरीके से अंबागान का विकास होने पर यह स्थल शहर की ऐतिहासिक पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित हो सकता है।