जमशेदपुर में अवैध चुलाई शराब पर आबकारी विभाग का बड़ा अभियान, 290 लीटर शराब बरामद, एक गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम आबकारी विभाग ने शनिवार शाम जुगसलाई और बागबेड़ा क्षेत्र में अवैध चुलाई शराब के कारोबार के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान करीब 290 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई अन्य लोगों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है।

उत्पाद निरीक्षक कुमार सत्येंद्र के नेतृत्व में गठित टीम ने सबसे पहले बागबेड़ा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की सूचना वाले ठिकानों पर छापेमारी की। वायरलेस ग्राउंड के पास स्थित अड्डे पर कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन टीम ने अभियान जारी रखते हुए शराब जब्त कर ली। इसके बाद गुरुद्वारा मैदान के समीप स्थित एक घर की तलाशी में भी अवैध चुलाई शराब बरामद हुई।

अभियान के दूसरे चरण में जुगसलाई थाना क्षेत्र के खटिक मोहल्ला और दुखू मार्केट के पास रेलवे लाइन किनारे संचालित अवैध शराब अड्डों पर छापेमारी की गई। यहां से भी बड़ी मात्रा में चुलाई शराब बरामद हुई। मौके से गोपाल राय को अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। विभाग ने पार्वती देवी, श्रवण खटिक, विनोद खटिक, गोपाल राय समेत अन्य लोगों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की है। विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।