बोकारो: जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत कथारा ओपी क्षेत्र में दो अधिवक्ताओं के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में तेनुघाट जेल भेज दिया है। कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे तेनुघाट से अपने घर लौट रहे अधिवक्ता राजीव तिवारी और सुरेश राम पर झिरकी बस्ती निवासी कुलदीप यादव ने कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में दोनों अधिवक्ता घायल हो गए। सूचना मिलते ही कथारा ओपी पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने त्वरित छापेमारी कर आरोपी कुलदीप यादव को झिरकी बस्ती स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में गोमिया थाना अंतर्गत कथारा ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई। न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को तेनुघाट जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यदि जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

