बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले के चास प्रखंड अंतर्गत कुंबाटार गांव में धान रोपनी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन युवतियां घायल हो गईं। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में तीनों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


जानकारी के अनुसार आशा कुमारी, पूजा कुमारी और सोनाली कुमारी खेत में धान की रोपाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर तीनों घायल हो गईं। हादसे के बाद उन्हें शरीर में तेज दर्द और चलने-फिरने में परेशानी होने लगी।
घायल आशा कुमारी ने बताया कि धान रोपते समय अचानक जोरदार आवाज हुई और ऐसा महसूस हुआ जैसे तेज करंट लगा हो। इसके बाद वह बेहोश हो गई। जब होश आया तो खुद को अस्पताल में पाया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम, तेज बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान खुले खेतों और खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

