सरायकेला: स्वतंत्रता दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज परवरियारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष जिले का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित होगा, जहां सुबह 9:10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।


उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को 13 अगस्त तक साफ-सफाई, रंग-रोगन, मंच, पंडाल, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, परेड अभ्यास तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। वहीं 14 अगस्त की शाम नगर भवन में स्थानीय कलाकारों एवं विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।
प्रशासन ने 15 अगस्त को पूरे जिले में ड्राई डे घोषित किया है। इस दौरान सभी शराब दुकानें, बूचड़खाने तथा मांस एवं मछली की दुकानें बंद रहेंगी। अधिकारियों को ध्वज संहिता का पालन सुनिश्चित कराने, मानक आकार के तिरंगे की बिक्री, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

