जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम से जुड़े मामले में कथित शराब कारोबारी संजीत साव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। रविवार को पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


बर्मामाइंस थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि मई महीने में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत संतोष नामक एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मामले की जांच और पूछताछ के दौरान संजीत साव की कथित संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, संजीत साव का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों, जिनमें बागबेड़ा थाना भी शामिल है, में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उस पर बागबेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े आरोप भी हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

