जमशेदपुर में नकली विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 88 लीटर शराब बरामद, मुख्य आरोपी फरार

Spread the love

पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध और नकली शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमजीएम थाना क्षेत्र के तुरियाबेड़ा में संचालित एक मिनी नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान विभाग ने कुल 88 लीटर नकली विदेशी शराब बरामद की। इसमें लगभग 70 लीटर रंगीन नकली शराब और दो कार्टन में पैक करीब 18 लीटर बोतलबंद नकली विदेशी शराब शामिल है।

उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से विदेशी शराब तैयार कर बाजार में सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त उत्पाद के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बिट्टू कुमार महतो के अर्धनिर्मित मकान से नकली शराब बनाने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न ब्रांड के सीलिंग कॉर्क, बोतलों के ढक्कन, फ्रंट-रियर लेबल, कैरेमल तथा अन्य सामग्री भी बरामद की गई।

विभाग के अनुसार, नकली शराब को नामी ब्रांड की बोतलों में पैक कर बाजार में बेचने की तैयारी थी। हालांकि मुख्य आरोपी बिट्टू महतो मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध और नकली शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा लोगों से ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की गई है।