बागबेड़ा मारपीट मामला: युवक ने निष्पक्ष जांच की मांग की, शिकायत दर्ज कराने जाते समय हमले का आरोप

Spread the love

जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र में मारपीट के एक मामले को लेकर राजा वर्मा नामक युवक ने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

राजा वर्मा के अनुसार, 1 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे अभय यादव, उनकी मां घुड़ी देवी और बहन निशा कुमारी ने उनकी बहन नेहा देवी और बहनोई मन्नू वर्मा के साथ कथित रूप से मारपीट की। शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के समय वह सिद्धो-कान्हू मैदान के पास एक मकान में सीसीटीवी कैमरा लगाने का काम कर रहा था और घटनास्थल पर मौजूद नहीं था।

राजा वर्मा ने आरोप लगाया कि रात करीब 10:15 बजे घटना की सूचना मिलने के बाद जब वह शिकायत दर्ज कराने बागबेड़ा थाना जा रहा था, तब कृष्णा मंदिर के पास राहुल यादव और निशा कुमारी ने उसे रोककर बेल्ट से मारपीट की। किसी तरह वह वहां से निकलकर थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि थाने पहुंचने पर अभय यादव की मां घुड़ी देवी ने उन पर झूठा आरोप लगाया, जबकि वह कथित घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं थे। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान या जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।