जमशेदपुर पुलिस की स्मार्ट पहल, QR कोड आधारित डिजिटल बीट पुलिसिंग सिस्टम की शुरुआत

Spread the love

जमशेदपुर: शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस ने डिजिटल बीट पुलिसिंग सिस्टम की शुरुआत की है। सोमवार को साकची स्थित सीसीआर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने इस नई व्यवस्था का उद्घाटन किया।

नई प्रणाली के तहत शहर के प्रत्येक पुलिस बीट को एक QR कोड से जोड़ा गया है। बीट में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर QR कोड स्कैन करेंगे, जिसके माध्यम से उनकी उपस्थिति दर्ज होगी और वे अपने गश्ती कार्य, निरीक्षण तथा अन्य गतिविधियों का विवरण ऑनलाइन सिस्टम में अपडेट करेंगे। इससे बीट पुलिसिंग की रियल-टाइम निगरानी संभव होगी और कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी बनेगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस डिजिटल व्यवस्था से अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी, बीट पुलिसिंग की जवाबदेही बढ़ेगी तथा आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। यह पहल स्मार्ट पुलिसिंग और पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। उद्घाटन समारोह में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, थाना प्रभारी, बीट पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।